मजरे में बारिश से कई कच्चे मकान ढहे:अहिरोरी में भूमिहीन परिवार खुले आसमान के नीचे
हरदोई के अहिरोरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहिरी के मजरा चनोखर में लगातार हो रही तेज बारिश ने कई गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए हैं। कई कच्चे मकान ढह गए हैं, जिससे भूमिहीन परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं।
बीती रात हुई रुक-रुक कर बारिश से विनोद कुमार और जितेंद्र कुमार की कच्ची कोठरियां गिर गईं। उनका घर का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। लगातार हो रही बारिश से एक के बाद एक कई कच्चे मकान गिर रहे हैं, और पीड़ित परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर छप्पर के सहारे दिन काट रहे हैं।
गांव के ही अनुराग शुक्ला और उनकी पत्नी रेखा देवी का कच्चा मकान भी बारिश में ढह गया है। यह परिवार बांस-बल्ली और प्लास्टिक की पन्नी/तिरपाल से बनाए गए अस्थायी छप्पर के नीचे खाट बिछाकर गुजारा कर रहा है। खाने-पीने के बर्तन और रोजमर्रा का सामान भी इसी तिरपाल के नीचे रखा है।
पीड़ित रेखा देवी और उनके दिव्यांग पति अनुराग शुक्ला ने उप मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी (BDO) अहिरोरी को पत्र भेजकर अपनी परेशानी बताई है। पीड़ितों का कहना है कि वे भूमिहीन और गरीब हैं, और पिछले कई सालों से 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत पक्के मकान की मांग कर रहे हैं।
No comments