हरदोई : बेटे की शादी की तैयारियों के बीच किसान की मौत
हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में 58 वर्षीय किसान खुशीराम की मौत हो गई। वे अपने बीमार साले शिवकुमार का हाल जानने ससुराल पहुंचे थे। खेत की तरफ टहलने के बाद साले के साथ वापस लौटते समय पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साले सुरक्षित बच गए।
परिजन घायल खुशीराम को वाहन से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। खुशीराम की मौत से परिवार में मातम छा गया है। खास बात यह है कि उनके बड़े बेटे अमित की शादी तय होने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी और तारीख तय होनी बाकी थी।बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के पल्थुआ गांव निवासी खुशीराम की ससुराल लोनार कोतवाली क्षेत्र के नकटौरा गांव में है। उनके भाई रघुवीर सिंह फौजी ने बताया कि खुशीराम के साले शिवकुमार की तबीयत खराब थी। मंगलवार शाम करीब 5 बजे खुशीराम उनका हालचाल जानने ससुराल पहुंचे थे। वह रात में वहीं रुकने वाले थे।
No comments