लखनऊ में बदला मौसम, उमस के बाद झमाझम बारिश
लखनऊ में शनिवार सुबह तेज धूप के बाद दोपहर 12 बजे से मौसम बदल गया। आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। विभूतिखंड, गोमतीनगर और सरोजनीनगर समेत शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने लगी। मौसम विभाग ने लखनऊ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बारिश के चलते लोहिया पथ पर करीब 1.5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हैं। बारिश से बचने के लिए दोपहिया वाहन सवार फुट ओवरब्रिज के नीचे रुक गए। इससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लंबा जाम लग गया।
फिलहाल करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। लखनऊ में अब तक सामान्य से 4 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। मानसून सीजन में अब तक 655.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य बारिश का औसत 632.3 मिलीमीटर है।
No comments