Breaking News

हरदोई में पिता की डांट से नाराज-छात्रा ने दी जान

हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र में मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल को लेकर पिता की डांट से नाराज कक्षा 11 की छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा शहर के एक प्रतिष्ठित बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। 

परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे छात्रा को मृत घोषित किया गया। शुक्रवार दोपहर 2 बजे शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

पिता शोरूम में सेल्समैन, मां घरों में बनाती हैं खाना

मिली जानकारी के अनुसार, बघौली थाना क्षेत्र के सारीपुर हीरापुर गांव निवासी श्यामू गुप्ता वर्तमान में हरदोई शहर की गुप्ता कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। वह शहर के एक फर्नीचर शोरूम में सेल्समैन हैं। उनकी पत्नी सोनी गुप्ता लोगों के घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। दंपती मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे।

काम पर गए थे माता-पिता, घर में अकेली थी छात्रा

गुरुवार को श्यामू गुप्ता काम पर गए थे। उनकी पत्नी भी घर से बाहर काम करने गई थीं, जबकि छोटा बेटा घर के बाहर खेल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले छात्रा ने मोबाइल का काफी ज्यादा इस्तेमाल किया था। इस पर पिता ने उसे डांटा था। इसी बात को लेकर किशोरी नाराज चल रही थी।

No comments