हरदोई : खेत गिरवी के रुपये मांगने पर महिला से छेड़छाड़-मारपीट
हरदोई के बिलग्राम में एक महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि खेत गिरवी रखकर दिए गए रुपये मांगने पर उसके साथ यह घटना हुई। हरदोई की अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या-3 के आदेश पर बिलग्राम पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने कोर्ट में दिए अपने आवेदन में बताया कि उसके पति रोडवेज में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करते हैं। आरोप है कि गांव के एक शख्स ने अगस्त 2024 में अपना करीब ढाई बीघा खेत गिरवी रखकर उसके पति से 50 हजार रुपये लिए थे। ऑटो रिक्शा की किस्त के लिए 16 हजार रुपये और दिए गए थे। महिला के मुताबिक, यह रकम गवाहों की मौजूदगी में दी गई थी। आरोपी ने ब्याज सहित पैसे लौटाने के बाद खेत छुड़ाने की बात कही थी।
महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने रुपये लौटाने से मना कर दिया और खेत छोड़ने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने पैसे मांगे तो उसे गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी गई।
महिला ने बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को शाम करीब चार बजे तीनों आरोपी उसके घर आए। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ गाली-गलौज की और छेड़छाड़ की। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। आरोपियों पर उसके पति को गोली मारने और उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है।
No comments