Breaking News

कॉलेज जा रहीं दो छात्राएं रास्ते से लापता

 बाराबंकी में कॉलेज जाने के लिए सोमवार की सुबह साइकिल से निकली दो छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में रास्ते से लापता हो गईं। इनकी ड्रेस, टाई बेल्ट, स्कूल बैग व साइकिलें कालेज के रास्ते में तकिया चौराहा से थोड़ी दूर खारजा में मिला। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने छात्राओं की ड्रेस व साइकिल देखकर सूचना पुलिस व कॉलेज को दी। कुछ ही देर में वहां पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर मिले सामान को कब्जे में लिया गया है। एसपी अनुराग वत्स ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने छात्राओं के अभिभावकों, दोस्तों व कालेज के शिक्षकों से भी पूछताछ की। छात्राओं की खोज के लिए चार टीमें लगाई गई हैं

जैदपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले दो चचेरी बहनें कस्बा जैदपुर स्थित श्री सांई इंटर कॉलेज में कक्षा आठ व कक्षा नौ की छात्राएं हैं। कालेज सुबह 8:15 बजे से शुरू होता है। दोनों बहनें साइकिल से स्कूल ड्रेस में कॉलेज जाने के लिए निकली थीं लेकिन कॉलेज नहीं पहुंची। 


सोमवार की सुबह ग्रामीण व राहगीर तकिया चौराहा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान इनकी नजर खारजा में पड़ी छात्राओं की ड्रेस पर पड़ी, पास ही टाई व बेल्ट भी थी। स्कूल बैग भी पड़ा हुआ था। इससे कॉलेज का नाम व छात्राओं का नाम व कक्षा की जानकारी हुई। थोड़ी ही दूरी पर साइकिल भी खड़ी थी। ग्रामीणों ने छात्राओं की ड्रेस मिलने की सूचना पुलिस व कॉलेज के प्रबंधक को दी। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। कॉलेज के शिक्षक भी पहुंच गए। उन्होंने ड्रेस, बैग व साइकिल को कब्जे में ले लिया। 

एसपी ने छात्राओं की खोज में लगाई चार टीमें

छात्राओं के अपहरण की आशंका में सीओ सदर सुमित त्रिपाठी, एएसपी दक्षिणी डा. अखिलेश नरायन सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी अनुराग वत्स भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके जांच पड़ताल की। पुलिस ने छात्राओं की माता-पिता, कालेज के शिक्षकों व छात्राओं के दोस्तों से भी पूछताछ की। छात्राओं के फेसबुक व वाट्सएप ग्रुप को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि छात्राओं की तलाश में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई है। इसमें सर्विलांस, स्वॉट टीम, सीओ क्राइम ब्रांच की टीम, सीओ सदर की टीम व क्राइम ब्रांच की टीमें लगाई गईं हैं। मामले की जांच की जा रही है।

No comments