बिहार नगर निकाय चुनाव के दौरान चली बंदूक, मेयर प्रत्याशी पर गोलीबारी
बिहार में इस महीने होने वाले नगर निकाय चुनाव के बीच पूर्णिया से बड़ी खबर आई है। पूर्णिया नगर निगम में मेयर पद के प्रत्याशी विजय उरांव पर चुनाव प्रचार के दौरान गोलीबारी कर दी गई। हालांकि, फायरिंग में वह बल-बाल बच गए। यह वारदात रविवार देर रात की है। मेयर प्रत्याशी विजय उरांव ने सदर थाने में सोमवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान मेयर पद के प्रत्याशी रामबाग ड्राइवर टोला के रहने वाले विजय उरांव पर गोलीबारी की वारदात हुई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। वारदात रविवार रात गुलाबबाग के हांसदा रोड में हुई। पीड़ित विजय उरांव के मुताबिक जनसंपर्क के दौरान वह रात में शिव प्रसाद जयसवाल के घर के पास थे। तभी बुलेट बाइक पर सवार दो तीन अज्ञात लोगों ने उन पर दो गोलियां चला दी।
विजय खुद को बचाकर पास के लखेंद्र साह के घर में पहुंच गए। जहां से थोड़ी देर बाद निकले तो फिर से तीनों युवक बाइक से उसका पीछा करने लगे। जब उनके समर्थक जुटे तब तीनों बदमाश बाइक से भाग गए। पीड़ित ने बताया कि जब वे गुलाबबाग के हांसदा रोड के शांति नगर में लोगों के बीच जनसंपर्क कर रहे थे, इसी दौरान घटना हुई। सभी बदमाश बाहर के रहने वाले लग रहे थे। वहीं सदर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है।
No comments