Breaking News

गर्भवती महिला से मारपीट, गर्भस्थ शिशु की हालत बिगड़ी , FIR दर्ज

हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम तकिया (मजरा बरगांवा) में गर्भवती महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गाली-गलौज के बाद लात-घूंसों और कुर्सी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान पेट में चोट लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भस्थ शिशु की स्थिति प्रभावित हुई।

तकिया निवासी अफसाना पत्नी नजाकत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति गैर प्रांत में मजदूरी करता है और वह अपने बच्चों के साथ घर पर रहती है। आरोप है कि शाकिर पुत्र आबिद, नाजिमा पत्नी शाकिर, हासिम अली और किस्मत अली पुत्रगण गुलाम नबी के साथ परिवार की महिलाओं ने भी उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर उसके साथ लात-घूंसों और कुर्सी से मारपीट की। आरोप है कि घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता के मुताबिक, पेट में चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। सूचना पर पीआरवी-112 मौके पर पहुंची और आरोपितों को थाने ले गई। महिला का आरोप है कि बाद में आरोपितों को छोड़ दिया गया और तत्काल उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने सीएचसी बिलग्राम पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराई। पीड़िता के अनुसार, जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु की स्थिति असामान्य बताई गई, जिसके बाद चिकित्सकीय प्रक्रिया से स्थिति संभाली गई।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

No comments