हरदोई में भारी बारिश से मक्का की फसल बर्बाद
हरदोई के कछौना ब्लॉक के हरदेवनखेड़ा गांव में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने मक्का की खड़ी फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। खेतों में पानी भरने से फसल जमीन पर बिछ गई है और भुट्टों में अंकुरण शुरू हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस बार मक्का की फसल बहुत अच्छी थी और किसान कटाई की तैयारी कर रहे थे। अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। गांव के किसान रामनरेश, शिवकुमार और हरिश्चंद्र ने बताया कि एक बीघा में 8 से 10 हजार रुपये की लागत आई थी। अब फसल सड़ने से लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।लगभग 50 एकड़ से ज्यादा मक्का की फसल पर असर पड़ा है। किसानों ने यह भी बताया कि खेतों में अभी भी 2 से 3 फीट पानी भरा हुआ है, जिससे वे दूसरी फसल की बुआई भी नहीं कर पा रहे हैं।
किसानों ने तहसील प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में लेखपाल को भी सूचना दे दी गई है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द सर्वे नहीं हुआ, तो सड़ी फसल का कोई प्रमाण नहीं बचेगा।
No comments