प्रयागराज के हंडिया में सपा के जिला सचिव की सरेराह गोली मारकर हत्या
प्रयागराज के हंडिया में सपा नेता पवन यादव की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बदमाश उसकी रेकी कर रहे थे। पुलिस को शक है कि कैफे से पवन के निकलते ही किसी ने उसकी मुखबिरी की और इसके बाद बदमाश मौके पर पहुंच गए। बेहद करीब से से गोली मारे जाने के कारण पवन को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पवन के मोबाइल फोन का एक माह का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाया है।इसके आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले पवन किन लोगों के संपर्क में था और उससे लगातार कौन-कौन बात कर रहा था। वारदात से पहले पवन कैफे में अपने दोस्तों के साथ मिलने गया था। पुलिस ने कैफे में मौजूद उसके दोस्तों से भी लंबी पूछताछ की है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि पवन से मिलने कौन-कौन आया था और कैफे से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों की जानकारी किन लोगों को थी। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले पवन की रेकी की और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। कैफे से बाहर निकलने के बाद उसकी लोकेशन की जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई गई होगी। इसके बाद ही बदमाश मौके पर पहुंचे और पवन को गोली मार दी।

No comments