Breaking News

टूटने लगा है सब्र का बांध: पेयजल समस्या को लेकर मचा हाहाकार

 भीषण गर्मी के साथ ही शहर में पेयजल संकट को लेकर हाहाकार है। फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। 

वहीं, गांधी कॉलोनी वासियों ने रेलवे रोड जाम कर अपना विरोध जताया। इससे सड़क पर जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

सैनिक कॉलोनी शहर के वीआईपी कॉलोनियों में शामिल है। यहां करीब पांच हजार परिवार रहते हैं। कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति यमुना किनारे लगे रेनीवेल नंबर चार से की जाती है। यहां से पानी बौद्ध विहार बूस्टर में पहुंचता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि बूस्टर की क्षमता करीब 40 लाख लीटर पानी है लेकिन कम क्षमता की मोटर होने के कारण वह पानी नहीं उठाती है। इस कारण 20 लाख लीटर पानी ही बूस्टर तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासी राजू ने बताया कि एक माह से कॉलोनी में पेयजल समस्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। घरों में पानी नहीं आने से नल सूखे पड़े हैं। नगर निगम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण अधिकारियों को फोन करते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती है। जिससे लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। मजबूरीवश टैंकरों से पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है।

No comments