अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, हरदोई की अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन दिनांक 10-01-2024को 11.30 बजे से होटल एच के लॉन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता नराकास के अध्यक्ष एवं बैंक ऑफ़ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक श्री कुमार प्रशांत एवम मुख्य अतिथि के रूप में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के उपनिदेशक श्री छबिल कुमार मेहेर ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने संबोधन में बैंक ऑफ़ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक ने कहा कि नराकास, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के मार्गनिर्देशन में गठित हिंदी की उन्नति प्रगति में योगदान करने वाली महत्वपूर्ण समिति होती है। इसकी अध्यक्षता का दायित्व एक ओर गौरव का बोध जगाता है तो वही दूसरी ओर गंभीर जिम्मेदारी का भी। क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय का मार्गदर्शन, हमारे प्रधान कार्यालय का संबल तथा नराकास, हरदोई के समस्त सदस्य कार्यालयों का सहयोग हमारी समिति को निरंतर प्राप्त होता रहा है इसके लिए हम कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं।
राजभाषा के प्रचार-प्रसार तथा इसके प्रगामी प्रयोग हेतु नवोन्मेषी कार्य करने के लिए यह समिति कटिबद्ध हैं। पिछली छमाही में समिति के तत्वावधान में कई हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मेरा मानना है कि इन गतिविधियों से राजभाषा कार्यान्वयन में अपेक्षित तेजी आती है। बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक ने कहा कि भारत सरकार राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहित करने के लिए कितनी प्रतिबद्ध है। हम सबको भारत सरकार के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध रहना है एवं अपनी भाषा एवं अपनी संस्कृति के संवाहक बनकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाना है। यहां पर बैठे सभी संस्थानों का मुख्य लक्ष्य चाहे कुछ भी हो लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो कुछ भी सरोकार हमारे आम ग्राहकों से संबंधित है वह सब उन्हें अपनी भाषा में प्राप्त हो। हमें यह देखना चाहिए कि ग्राहकों को दिए जा रहे फार्म इत्यादि हिंदी में उपलब्ध हों। आम किसानों को उनकी भाषा में बैंकिंग उत्पाद, बीमा उत्पाद आदि की जानकारी मिले। बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि गृह मंत्रालय के उपनिदेशक श्री छबील कुमार मेहर जी ने कहा की नराकास क्रियान्वन समिति के जितने भी सदस्य हैं उनकी यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह राजभाषा का प्रसार करें क्योंकि हम समूह काम में आते हैं तो हमारा नैतिक दायित्व है कि हम ज्यादा से ज्यादा काम हिंदी में करेंl उन्होंने समस्त सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों को राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा राजभाषा संबंधी संवैधानिक प्रावधानों को गंभीरतापूर्वक लागू करने पर बल दिया। बैठक का संयोजन एवं संचालन बैंक ऑफ इंडिया के राजभाषा प्रबंधक श्री राकेश कुमार ने किया। ज्ञात हो कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों का गठन केंद्र सरकार के कार्यालयों में भारत सरकार की राजभाषा नीति को लागू करने के लिए राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के दिशानिर्देश के तहत किया जाता है। नराकास, कन्नौज के संयोजन का दायित्व अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, बैंक ऑफ इंडिया को दिया गया है। अबतक हरदोई नगर स्थित केंद्र सरकार के 27 कार्यालयों ने इसकी सदस्यता ग्रहण की है। नराकास, हरदोई की अर्धवार्षिक बैठक में प्रथम पुरस्कार भारतीय जीवन बीमा निगम द्वितीय पुरस्कार यूनियन बैंक आफ इंडिया तीसरा पुरस्कार पंजाब नेशनल बैंक को दिया गया
No comments