Breaking News

T20 WC 2022: श्रीलंका और यूएई के मैच में भारतीय गेंदबाज ने ली हैट्रिक

 टी20 वर्ल्ड कप में फिलहाल क्वालिफाइंग राउंड के मैच जारी हैं। मंगलवार को ग्रुप ए के मुकाबले में नीदरलैंड ने नामीबिया को हरा दिया। वहीं, श्रीलंका और यूएई के बीच मैच जारी है। यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 152 रन बनाए। हालांकि, इस मैच में यूएई के कार्तिक मयप्पन ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। यूएई का यह स्पिनर 2022 टी20  वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाला पहला गेंदबाज बन गया है।


मयप्पन ने 15वें ओवर में लगातार गेंदों पर श्रीलंका के भानुका राजपक्षा, चरिथ असलंका और कप्तान दासुन शनाका को पवेलियन भेजा। राजपक्षा पांच रन बना सके। वहीं, असलंका और शनाका तो खाता भी नहीं खोल सके। श्रीलंका की ओर से पाथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 74 रन की पारी खेली। वहीं, कुसल मेंडिस ने 18 और धनंजय डी सिल्वा ने 33 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।

No comments