Breaking News

यूपी की इस सीट पर तीन नवंबर को होगा उपचुनाव, छह को आएंगे नतीजे

 छह सितम्बर को हार्ट अटैक से विधायक अरविन्द गिरि के निधन के बाद गोला विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी हो गया है। निर्वाचन आयोग ने एक महीने में पूरी चुनाव प्रक्रिया कराने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद गोला विधानसभा चुनाव में राजनैतिक सरगर्मियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। सभी की निगाहें अब टिकट पर लगी हैं।

गोला विधानसभा से पांच बार विधायक रहे अरविन्द गिरि छह सितम्बर को लखनऊ किसी काम से जा रहे थे।


सीतापुर के आगे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोला पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। रिक्त इस सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने सोमवार को कार्यक्रम जारी कर दिया है। डीएम महेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि सात अक्तूबर को नोटिफिकेशन जारी होने के साथ नामांकन शुरू हो जाएंगे।

14 अक्तूबर को नामांकन का अन्तिम दिन है। 15 को नामांकन पत्रों की जांच, 17 को नाम वापसी का समय निर्धारित है। तीन नवम्बर को मतदान होगा। जबकि छह नवम्बर को मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद जिले व गोला विधानसभा की चुनावी सरगर्मियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। सभी की निगाहें भाजपा के टिकट पर लगी हैं। वहीं प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

No comments