एमसीडी ने कूड़ा उठाने के नाम पर किया 84 करोड़ का घोटाला
आम आदमी पार्टी ने एमसीडी पर कूड़ा उठाने के नाम पर 84 करोड़ रुपये भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि भलस्वा के कूड़े के पहाड़ से कूड़ा उठाने के लिए यह गबन किया गया। इस मामले की जांच होनी चाहिए क्योंकि बिना भाजपा नेताओं की भागीदारी के इतना बड़ा भ्रष्टाचार संभव नहीं है।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि कूड़ा उठाने के लिए भाजपा ने फरवरी 2020 में एक कंपनी को 3,250 रुपए प्रति मीट्रिक टन का टेंडर दिया था। नियम के अनुसार ट्रकों में जीपीएस लगाना था लेकिन कंपनी ने मना कर दिया। इसके बाद टेंडर रद्द कर दिया गया। बाद में एक नई कंपनी को मात्र 400 रुपए प्रति मीट्रिक टन का टेंडर दिया गया। तब तक पुरानी कंपनी तीन लाख मीट्रिक टन कूड़ा प्रॉसेस कर चुकी थी।
जिसके अनुसार 84 करोड़ का घोटाला हुआ है। पाठक ने पूछा कि जब 400 रुपए प्रति मीट्रिक टन का टेंडर कूड़ा उठाने के लिए संभव था तो 3250 रुपए प्रति मीट्रिक टन का टेंडर क्यों दिया। पाठक ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दस्तावेज के हवाले से यह भ्रष्टाचार उजागर हुआ है।
पाठक के आरोप पर भाजपा का पलटवार
भाजपा ने दुर्गेश पाठक के आरोप को खारिज कर दिया है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के हर विभाग में पुख्ता सबूत के साथ घोटाला उजागर होने से आम आदमी पार्टी अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है।

No comments