Breaking News

यूपी में 60 साल बनाम पांच साल की लड़ाई - अनुराग ठाकुर

यूपी में विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही बेहद सक्रिय हैं। पार्टी की चुनावी रणनीति को वे बखूबी अंजाम दे रहे हैं। वे न केवल विपक्ष पर हमलावर हैं, विपक्ष के सियासी हमलों की धार कुंद करने में जुटे हैं। 

सवाल : यूपी में भाजपा का मुख्य मुकाबला किससे है?


जवाब: देखिए, सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत से चुनाव लड़ते हैं। इसलिए सभी दलों को सत्ता में रहने का मौका भी मिलता रहा है। इस बार के चुनाव में भी तमाम दल उतरे हैं। लेकिन लड़ाई 60 बनाम 5 की है। अर्थात 60 साल की तुलना में 5 साल में हुए विकास को लेकर भाजपा चुनाव मैदान में है। पांच साल में गुंडाराज और भ्रष्टाचार से आम लोगों को मुक्ति दिलाने को लेकर सरकार ने काम किए हैं। विपक्षी दलों के सरकार में जो लोग जनता में खौफ पैदा करते थे, वह आज खुद खौफजदा और जेल में हैं। इसलिए भाजपा अपने कामों के बल पर चुनाव मैदान में है और 300 के पार के लक्ष्य को पूरा करेगी।

सवाल : इस चुनाव में भाजपा का मुख्य मुद्दा हिंदुत्व है या विकास?

जवाब: योगी सरकार ने पांच साल के दौरान जाति-धर्म देखकर काम नहीं किया है। जरूरतमंदों की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम किया है। भाजपा का एजेंडा अंत्योदय है। गरीब, मजदूर, निर्बल, बेसहारा की मदद को ध्यान में रखकर ही जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इसलिए इस चुनाव में भी भाजपा पांच साल में किए गए विकास के मुद्दे पर ही चुनाव मैदान में उतरी है।

सवाल : पश्चिम में कई स्थानों पर भाजपा उम्मीदवारों को लेकर नाराजगी है, ऐसे में आप पश्चिमी यूपी से 2017 जैसे प्रदर्शन की उम्मीद कैसे करते हैं?

जवाब: पश्चिम में नाराजगी भाजपा से नहीं, बल्कि सपा को लेकर है। इसलिए ही सपा के नेता प्रचार के लिए जमीन पर नहीं उतर रहे हैं। जबकि, भाजपा के शीर्ष नेता घर-घर जाकर प्रचार अभियान में जुटे हैं। पहले महा गठबंधन बना और बाद में बुआ-बबुआ का साथ मिलकर चुनाव लड़े। चुनाव हारे तो दोनों ने कहा, बड़ी भूल हुई। इस बार भी वैसा ही होगा। आप देखिएगा 10 मार्च के बाद जयंत चौधरी का भी यही पहला बयान आएगा कि ‘बहुत बड़ी भूल हुई’।

सवाल: भाजपा के खिलाफ विपक्ष ने जो उम्मीदवार उतारे हैं, उनसे किस प्रकार की चुनौती देख रहे हैं?

जवाब: सिर्फ एक वर्ग को प्राथमिकता देने की बात कहकर अखिलेश उस वर्ग को भी गुमराह कर रहे हैं। अखिलेश चाहे जितना भी लोगों को गुमराह कर लें, सभी जानते हैं कि सपा की लाल टोपी जनता की खून में डूबकर ही लाल हुई है। सपा के उम्मीदवारों की सूची जनता की उम्मीदों पर वार करने जैसा है।

सवाल: विपक्ष के वादे आपकी जीत के दावे को साकार करने में कितना बाधक बनेंगे?

जवाब: ‘वही हवा है, वही सपा है, जनता को जिसने दिया दगा है, अब जनता इनसे खफा है, 10 मार्च को अखिलेश फिर कहेंगे, ईवीएम बहुत बेवफा है।’ जनता जानती है कि जो सरकार में रहने पर 300 घंटे बिजली तो दे नहीं पाते थे, वह 300 यूनिट मुफ्त बिजली कैसे दे पाएंगे। जो लोग दंगे कराकर बहू-बेटियों की अस्मत से खिलवाड़ करते थे, वह उनकी सुरक्षा का वादा कैसे कर सकते हैं।

No comments