इटावा में भाजपा पर भड़के शिवपाल, बोले- प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, नौकरशाही बेलगाम
उत्तर प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर इटावा में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इन चार सालों में भाजपा ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। चाहे वह अच्छे दिन लाने की बात हो या फिर रामराज्य लाने की। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। थाना, तहसील और कार्यालयों में बिना पैसा दिए काम नहीं होता। नौकरशाही बेलगाम हो गई है। उन्होंने यह बात रविवार को चौगुर्जी स्थित आवास पर बातचीत के दौरान कही।
हालांकि इस दौरान उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को ईमानदार बताया। प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि इसमें अभी काफी समय है। फिर भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी पूरी दमखम से चुनाव लड़ेगी अभी पार्टी का पूरा ध्यान पंचायत चुनाव पर है। गठबंधन के सवाल पर गैर भाजपावाद का नारा दिया। कहा कि सभी दल एकजुट होंगे, तभी भाजपा को हटाने में कामयाब हो सकते हैं। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष रघुराज सिंह शाक्य और जिलाध्यक्ष सुनील यादव भी उपस्थित रहे।

No comments