Breaking News

हिन्दुस्तान मिशन शक्तिः रिची समझाती हैं घरेलू हिंसा में कैसे लें मदद

 शहर के एसजेएस इंटर कालेज की छात्रा रिची गुप्ता शक्ति चैंपियन के रूप में छात्राओं और महिलाओं जागरूक करने में लगी हुई हैं। रिची अपने विद्यालय की छात्राओं को सरकार की सुमंगला योजना, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओं और बेटियों की सुरक्षा से संबंधित जानकारियां देकर उन्हें जागरूक कर रही है। मिशन शक्ति अभियान में रिची शक्ति चैंपियन के रूप में भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने अपने विद्यालय की 30 से अधिक छात्राओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी है। रिची ने अपने आस-पड़ोस की महिलाओं को भी घरेलू हिंसा से बचाने के उपयों और कानूनी पहलुओं की जानकारी दी है। विद्यालय की छात्राओं को रिची बता रही हैं कि असुरक्षा का भाव पैदा होने पर सरकार की कौन सी हेल्पलाइन पर संपर्क करें। रिची अपने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों को भी कोरोना संक्रमण से बचने के उपाय बता रही हैं। 

संगीता ने 300 परिवारों को पहुंचाया पुष्टाहार

सोरों के गांव पाठकपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता देवी ने कोरोना संक्रमण के दौर से ही पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्य को अंजाम दिया है। संक्रमण के दौर में वह तीन सौ परिवारों के संपर्क में रहीं। परिवारों में पुष्टाहार वितरित कराया। गर्भवती महिलाएं और बच्चों के नियमित टीकाकरण का भी ख्याल रखा, जिससे कोई भी महिला और बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। संगीता कहती हैं कि पड़ोस के गांव में जब कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई तो उनके गांव के लोग सहम गए। ऐसे में दौर में स्वास्थ्य सर्वे कराए और ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। जिससे गांव के लोग कोरोना संक्रमण से बचे रहे। गांव की महिलाओं को मास्क पहनने, सेनेटाइजर का उपयोग और हाथ धोने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही परिवार के लोगों पर भी कोविड के नियमों का पालन कराने की जानकारी दी।

गांव को स्वस्थ रखने में जुटी मुन्नी ने कराई 250 घरों में जांच 

कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर से सोरों के गांव बघेला पुख्ता की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने जिम्मेदारी के साथ काम किया। गांव में कोरोना संक्रमित रोगी मिलने के बाद खुद व परिवार को संक्रमण से बचाया। गांव में स्वास्थ्य सर्वे कराकर सौंपा। 250 परिवारों की कोरोना जांच कराई। कोरोना संक्रमण की वजह से लोग डरे हुए थे। ऐसे में उन्हें जांच के लिए तैयार करना काफी मुश्किल काम था। परिवार की महिलाओं को कोरोना जांच के लिए तैयार किया। मुन्नी देवी कहती हैं कि गांव में कोरोना के रोगी मिले तो लोग डरे व सहमे थे। उन्हें लगातार मास्क पहनने के लिए प्रेरित किया। साबुन से हाथ धोने, सेनेटाइजर का प्रयोग करने और सामाजिक दूरी का अनुपालन कराने के लिए तैयार किया। जिसके बाद गांव में फिर कोरोना के और रोगी नहीं मिले।

No comments