हरदोई : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने फर्जी दस्तावेज से पाई नौकरी
हरदोई के बेहटा गोकुल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला सिंह पर फर्जी शैक्षिक दस्तावेज लगाकर नौकरी पाने का आरोप लगा है। जांच के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उनके खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया है।
कमला सिंह पत्नी अनिल कुमार सिंह बाल विकास परियोजना बावन के तहत आंगनबाड़ी केंद्र सकाहा प्रथम में काम कर रही थीं। उनकी नियुक्ति के समय दिए गए हाईस्कूल अंकपत्र की सच्चाई को लेकर शिकायत मिली थी।इस शिकायत के बाद 28 अक्टूबर 2025 को शिव संकट हरण संस्कृत महाविद्यालय, सकाहा हरदोई के प्रधानाचार्य से दस्तावेज की जांच रिपोर्ट मांगी गई। महाविद्यालय ने 15 नवंबर 2025 को अपनी जांच रिपोर्ट भेजी।
रिपोर्ट में बताया गया कि साल 1988 के रिकॉर्ड में क्रमांक 31045 पर कमला सिंह की जगह मालती पत्नी रामपाल सिंह, निवासी सकाहा का नाम दर्ज है। इसके बाद विभाग को बताया गया कि दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश से कमला सिंह की संविदा सेवा खत्म कर दी गई। जिलाधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को कमला सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
No comments