विराट-रोहित को आउट करने वाले शाहीन ने भारत को चेताया; कहा- ये तो बस शुरुआत है
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने भारत के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया को चेतावनी दी है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच पहले मुकाबले में शाहीन ने चार विकेट लिए थे। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आउट कर टीम इंडिया को शुरुआत में ही बैकफुट में ढकेल दिया था। इसके बाद उन्होंने अंत के ओवरों में आकर दो विकेट लिए और भारतीय टीम को पूरे 50 ओवर भी नहीं खेलने दिया। ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की बेहतरीन पारियों के दम पर टीम इंडिया 266 रन बनाने में सफल रही
अब दोनों टीमें टूर्नामेंट के सुपर चार राउंड में आमने-सामने होंगी। इस मैच से पहले शाहीन अफरीदी ने टीम इंडिया को चेतावनी दी है। 23 वर्षीय अफरीदी ने शुक्रवार को कहा, "भारत के खिलाफ हर मैच खास है और लोग इसे खूब देखते हैं। अंडर-16 क्रिकेट खेलने से पहले मैं एक प्रशंसक के रूप में इस मैच का इंतजार करता था। मैं यह नहीं कह सकता कि यह मेरा अब तक का सबसे अच्छा स्पेल है। यह तो बस शुरुआत है और अभी और भी बहुत कुछ होगा, इसलिए सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है।"
शाहीन और उनके साथी तेज गेंदबाज नसीम शाह और हारिस रऊफ ने एशिया कप में अब तक 23 विकेट लिए हैं। शाहीन ने कहा, ''हम नई और पुरानी गेंद से अपनी भूमिका जानते हैं। हारिस हमसे तेज हैं और अपनी गति से प्रभावित करते हैं। नसीम और मैं जल्दी सफलता पाने की कोशिश करते हैं। हमारे बीच संवाद अच्छा है और यही हमारी सफलता की वजह है।"
छह फीट और छह इंच (1.98 मीटर) लंबे शाहीन को पिछले साल घुटने में गंभीर चोट लगी थी, लेकिन जुलाई में श्रीलंका में उन्होंने जोरदार वापसी की। 27 टेस्ट मैचों में 105 विकेट लेने वाले शाहीन ने कहा, "यह आपके मैच का समय है जो आपको सुधार करने में मदद करता है। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ इन टेस्ट मैचों ने मुझे बेहतर बनाया क्योंकि मैंने लंबे स्पेल फेंके और पूरे दिन फील्डिंग की। इससे घुटने की चोट से जुड़े सभी संदेह दूर हो गए।"
शाहीन ने भारत में कभी क्रिकेट नहीं खेला है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण द्विपक्षीय सीरीज नहीं हो रही हैं। 14 अक्तूबर को अहमदाबाद में विश्व कप के मैच में जब पाकिस्तान मेजबान भारत से भिड़ेगा तो वह अच्छा प्रदर्शन करने को उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, "जितने भी विदेशी खिलाड़ी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में खेले हैं, हमने उनके साथ चर्चा की है। मुझे लगता है कि हमारी पाकिस्तान की विकेट या दुबई की पिचें भी ऐसी ही होंगी। स्पिनरों को शायद अधिक मदद मिलेगी। हम अच्छी लेंथ से गेंद डालेंगे। नंबर एक (वनडे) टीम के रूप में हमारी टीम का प्रदर्शन अच्छा चल रहा है। हमने अच्छी तैयारी की है।"
शाहीन की शादी पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की बेटियों में से एक से हुई है और उन्होंने कहा कि वह हर बड़े मैच से पहले पूर्व ऑलराउंडर से बात करते हैं। शाहीन ने कहा, "मैं बड़े मैच से पहले उनके दिमाग को जानने की कोशिश करता हूं और उसे अपनी योजनाओं में शामिल करता हूं क्योंकि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी थे। वह सरलता से बात करते हैं और कहते हैं 'बस अपना क्रिकेट खेलो।"
महान पाकिस्तानी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वसीम अकरम के फैन शाहीन ने कहा कि वह क्रिकेट से दूर रहकर भी मैदान पर अपना ध्यान केंद्रित रखते हैं। उन्होंने कहा, "मैं ज्यादा बाहर नहीं जाता और अपने कमरे में ही रहता हूं। बस घर के अंदर रहूं, ग्रीन टी बनाऊं... और क्रिकेट के अलावा किसी और चीज के बारे में बात करूं। इससे मुझे आराम मिलता है।"

No comments