हुमायूं भट: तिरंगे में लिपटी देह... 29 दिन के बेटे के साथ बिलखती मां
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक बलिदान हो गए। जबकि दो जवान लापता हैं। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को घेर रखा है। तलाशी अभियान जारी है। लगातार गोलियों की आवाज आ रही है।
तीनों बलिदानियों की शिनाख्त सेना मेडल पदक विजेता कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष, पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट के रूप में हुई है। तीनों मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे, बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
हमले की जिम्मेदारी लश्कर फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। कर्नल मनप्रीत मोहाली के भड़ौजिया गांव, मेजर आशीष पानीपत के सेक्टर 7 और डीएसपी हुमायूं पुलवामा जिले के त्राल के रहने वाले थे। बताया जाता है कि कोकरनाग के गद्दल जंगल के इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद मंगलवार शाम को सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
रात में अभियान रोकने के बाद बुधवार सुबह आतंकियों की फिर से तलाश शुरू की गई। इस दौरान दहशतगर्दी के एक ठिकाने पर मौजूद होने की सूचना मिली। 19 आरआर के सीओ कर्नल मनप्रीत ने टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकियों पर हमला बोल दिया। आतंकियों की फायरिंग में कर्नल, मेजर और डीएसपी गंभीर घायल हो गए।

No comments