मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना जोरदार हमला बोला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना जोरदार हमला बोला। लंदन में राहुल द्वारा दिए गए बयान पर सीएम योगी ने बगैर नाम का उल्लेख किए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक तरफ वैश्विक मंचों पर भारत का दबदबा बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ कुछ लोग दुनिया के देशों में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं। भारत के लोकतंत्र को कोसने वाले ये वही लोग हैं जो मौका मिलने पर स्वयं लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं। पीएम मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं तो कुछ लोग देश को बदनाम करने में जुटे हैं।
सीएम योगी रविवार को भाजपा के बशारतपुर प्रथम शक्ति केंद्र पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में जाकर देश की आलोचना करने वाले वही लोग हैं जो केरल में रहते हैं तो यूपी की बुराई करते हैं और दिल्ली में रहते हैं तो केरल को। इन चेहरों को पहचानने की जरूरत है। ये देश के सुदृढ़ लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं। इनकी खानदानी विरासत ही बांटों और राज करो की विभाजनकारी राजनीति की रही है। इनकी विभाजन की मानसिकता और इनके षड्यंत्र को सफल नहीं होने देना है।
देश की उपलब्धियां कर रहीं नए भारत का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 8-9 वर्षों में हासिल देश की उपलब्धियां नए भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण में देश की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की सुनहरी तस्वीर है। आने वाले दिनों में भारत दुनिया को राह दिखाने वाला देश होगा। राष्ट्रपति के अभिभाषण में इसकी गूंज को अंगीकार कर जन जन तक पहुंचाने का दायित्व सभी कार्यकर्ताओं पर है।

No comments