Breaking News

रोहित शर्मा के लिए खास होगा इंदौर टेस्ट, रचेंगे नया रिकॉर्ड

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा इंदौर के होल्कर स्टेडियम में पहली बार टेस्ट कप्तान के तौर पर उतरेंगे। वैसे तो वे यहां पर दो टेस्ट खेल चुके हैं, लेकिन तब वे कप्तान नहीं थे। इस बीच इंदौर में होने वाला तीसरा टेस्ट मैच रोहित शर्मा के लिए काफी खास होने वाला है। कुछ ऐसे कीर्तिमान हैं, जिन पर जरूर हिटमैन शर्मा की नजर होगी। इतना ही नहीं, रोहित शर्मा पर्सनल रिकॉर्ड तो बनाएंगे ही, लेकिन अगर उनका बल्ला चल गया तो एमएस धोनी का एक ​बड़ा कीर्तिमान भी ध्वस्त होने की कगार पर पहुंच जाएगा। 


रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में एक खास क्लब में शामिल होने के मुहाने पर खड़े हुए हैं। उम्मीद की जानी चाहिए कि वे इसी मैच में ये कीर्तिमान बना देंगे, अहमदाबाद का इंतजार नहीं करना होगा। 

रोहित शर्मा 45 रन बनाते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे करेंगे 17 हजार रन 

रोहित शर्मा भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में मिलाकर अब तक 16955 रन बना चुके हैं, यानी 17 हजार से केवल 45 रन पीछे हैं। अगर उनके बल्ले से 45 रन बन गए तो वे भारत के कुछ उन चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे, जो 17 हजार से ज्यादा रन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बना चुके हैं। वैसे तो इस मामले में नंबर एक पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर है, जिन्होंने अपने ​क्रिकेट ​करियर में 34357 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान विराट कोहली हैं। हाल ही में उन्होंने 25 हजार रन पूरे किए थे, जो अब बढ़कर 25012 तक पहुंच गए हैं। इसके बाद नंबर आता है राहुल द्रविड़ का नंबर, जिन्होंने 24064 रन बनाए थे। इस लिस्ट में चौथा नाम सौरव गांगुली का है, जिनके नाम 18433 रन दर्ज हैं। नंबर पांच पर पूर्व कप्तान और दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशर माने जाने वाले एमएस धोनी हैं, जिनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17092 रन हैं। इसके बाद अब रोहित शर्मा का नंबर आ गया है। वैसे अगर तीनों फॉर्मेट की अलग अलग बात करें तो रोहित शर्मा ने टेस्ट में टेस्ट में 3320, वन डे में 9782 रन और टी20 इंटरनेशनल में 3853 रन बनाए हैं। 

No comments