बरेली-पीलीभीत हाईवे पर भीषण हादसा
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। घायलों में मृतक की पत्नी, बेटी और बहन शामिल है। एक युवक भी घायल हुआ है। सभी घायलों को बरेली रेफर किया गया है।
हादसे में मरने वालों की पहचान मोहम्मद जाकिर और उनके छह साल के बेटे मोहम्मद कैफ के रूप में हुई। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जाकिर की पत्नी जैबुल निशा, बहन मुस्कान और बेटी आलिया घायल हैं। अजय प्रिय नाम का बाइक सवार भी घायल हुआ है। सभी को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीलीभीत से लौट रहे थे बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक नवाबगंज क्षेत्र के गांव ईध जागीर निवासी मोहम्मद जाकिर अपने परिवार के साथ पीलीभीत जिले में स्थित एक दरगाह पर गए थे। परिवार के छह लोग दो बाइकों से थे। एक बाइक पर मोहम्मद जाकिर, उनकी पत्नी और बेटा सवार थे। दूसरी बाइक पर एक रिश्तेदार युवक, बहन मुस्कान और बेटी आलिया थीं।

No comments