छिनका में बदरीनाथ हाईवे पर गिरी चट्टान, मलबा आने से चार घंटे बंद रहा रास्ता
बदरीनाथ : बदरीनाथ हाईवे शुक्रवार को चमोली के पास छिनका में करीब चार घंटे तक बंद रहा जिसके चलते सेना के वाहनों के साथ ही स्थानीय लोग और स्कूल जाने वाले शिक्षक फंसे रहे। सुबह करीब 11 बजे हाईवे खुलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
बदरीनाथ हाईवे चमोली और पीपलकोटी के बीच छिनका में सुबह करीब सात बजे चट्टान का एक हिस्सा दरककर हाईवे पर आ गिरा जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। हाईवे बंद होने से यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जोशीमठ क्षेत्र से देहरादून, ऋषिकेश जाने वाले और सेना के वाहन, जबकि पीपलकोटी, निजमुला, जोशीमठ आदि क्षेत्रों में जाने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों के वाहन यहां फंसे रहे। हाईवे से मलबा हटाने के लिए एनएच की जेसीबी लगाई गई लेकिन मलबा अधिक होने के चलते हाईवे खोलने में काफी समय लग गया।

No comments