Breaking News

अखिलेश बोले- इरफान को झूठे मुकदमे में फंसाया

 कानपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिला कारागार में बंद विधायक इरफान सोलंकी से आधा घंटे तक बात की। इसके बाद जेल के बाहर पत्रकारों से कहा कि विधायक इरफान को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। इरफान ने कोई गलत काम नहीं किया। लेकिन एक के बाद एक मुकदमा लादा जा रहा है जिससे वह बाहर न आ पाएं। यह साजिश है।



पुलिस ने उनका फर्जी आधार कार्ड बनाया है। इसके साथ ही अखिलेश ने आंदोलन छेड़ने का भी एलान किया। सरकार ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। कानपुर देहात में बलवंत सिंह की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में उन्होंने कहा कि प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए। 

बलवंत के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और उनकी पत्नी को नौकरी दी जाए। यह भी कहा कि पुलिस अभिरक्षा में इसके पहले इतनी मौतें नहीं होती थीं। कस्टोडियन डेथ के मामले बढ़े हैं। इस मौके पर अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि रामराज्य में क्या पुलिस तय करेगी कि क्या करना है? निकाय चुनाव को लेकर सपा के एक-एक विधायक को लक्ष्य बनाया जा रहा है।

फिर सलाह देने वाले अंदाज में बोले कि कुछ अधिकारी यह न भूलें कि समय बदलता है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। फिर कानपुर की समस्या पर बोलने लगे। उन्होंने कहा कि क्या नगर का कूड़ा हट गया? नाले हटे या साफ हो गए। गंगा की सफाई हो गई? गर्द इतनी उड़ती है कि पेड़ों के पत्ते पहचान में नहीं आते हैं। जानवर अब भी घूम रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि महंगाई, सड़क सरीखे से ध्यान भटकाने के लिए सरकार सपाइयों के खिलाफ कार्रवाई कर रही। विधायक खुद ही फंसा रहेगा तो समस्याओं के खिलाफ आवाज क्या उठाएगा। इसके साथ ही रामपुर, लखनऊ की आग, तालग्राम, पूंजी निवेश आदि मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

No comments