Breaking News

मैनपुरी जीत के बाद बदलने लगे समीकरण, सपा की साइकिल से उतरी पार्टियां फिर सवारी को तैयार

मैनपुरी संसदीय उपचुनाव में डिंपल यादव की जीत और अखिलेश यादव व शिवपाल यादव के बीच घनिष्ठता के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के असंतुष्टों और पूर्व सहयोगियों को राज्य के मुख्य विपक्षी दल में एक बार फिर संभावनाएं दिखने लगी हैं. 


ऐसे कयास भी लगाए जा रहे हैं कि सपा यदि उत्तर प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में ठीक-ठाक प्रदर्शन करती है तो वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले कुछ गैर भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) दल पार्टी के पीछे लामबंद हो सकते हैं.राजनीतिक विश्लेषक और शिक्षक विपिन बिहारी श्रीवास्तव ने कहा कि मैनपुरी उपचुनाव और यादव परिवार की एकजुटता ने भाजपा के समानांतर भविष्य तलाशने वालों की उम्मीद जगा दी है और अगर सपा ने निकाय चुनावों में ठीक-ठाक प्रदर्शन किया तो लोकसभा चुनावों के लिए छोटे दल फिर सपा के साथ आने को आतुर होंगे. उन्होंने कहा कि अखिलेश और शिवपाल की निकटता को निकाय चुनाव की कसौटी पर खरा उतरना होगा और इस चुनाव के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव की भी दिशा तय हो जाएगी.

No comments