यूपी में कालाबाजारी: अन्नदाताओं से हो रही खुली लूट, 1650 रुपये में बिकी 1350 वाली डीएपी की बोरी
एटा में इन दिनों डीएपी के लिए जबरदस्त मारामारी चल रही है। दुकानों पर इसकी कमी दर्शाकर कालाबाजारी की जा रही है। रविवार को अलीगढ़ जाने वाले मार्ग पर स्थित दुकान पर 1350 रुपये कीमत वाली डीएपी की एक बोरी को 1650 रुपये में बेचा गया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बावजूद दिन भर यहां कालाबाजारी से डीएपी बिकती रही और कोई अधिकारी कार्रवाई के लिए नहीं पहुंचा।
जिले में डीएपी की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में निजी दुकानदार इसका जमकर फायदा उठा रहे हैं। जिन दुकानों पर डीएपी का स्टॉक है, वो मुंहमांगे दाम किसानों से वसूल रहे हैं। जरूरत की वजह से किसान महंगी डीएपी खरीदने को मजबूर है। जीटी रोड पर अलीगढ़ की ओर जाते वक्त चौथे मील स्थित एक निजी दुकान पर डीएपी की एक बोरी 1650 रुपये की दी जा रही थी। किसानों द्वारा मोल-भाव भी किया गया लेकिन एक रुपया कम नहीं किया गया। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है। लेकिन कृषि विभाग की ओर से ओवररेट करने वाली निजी दुकानों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। जिसकी वजह से किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

No comments