Breaking News

अग्निवीर' बनने के लिए किया शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन, 115 पकड़े गए

आगरा के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर चल रही अग्निवीर सेना भर्ती में फर्जी प्रमाण पत्रों के बाद शनिवार को 115 अभ्यर्थी शक्तिवर्धक दवाओं का इस्तेमाल करने पर पकड़े गए हैं। सेना भर्ती दौड़ से पहले जांच में इसका खुलासा हुआ। इसके बाद इन अभ्यर्थियों को पकड़ लिया गया। 


अग्निवीर भर्ती रैली में शनिवार को अलीगढ़ की खैर और एटा की अलीगंज तहसील के 115 युवा इंजेक्शन व स्टेरॉइड की डोज लेकर भर्ती स्थल पर आए थे, जिनकी पहचान कर भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया गया। अग्निवीर भर्ती रैली के निदेशक ने बताया कि सुबह सिविल मेडिकल टीम, एसीएम (प्रथम) राम प्रकाश व उपाधीक्षक विक्रांत द्विवेदी ने भर्ती में आए युवाओं की दौड़ से पहले जांच कराई। 

स्वास्थ्य परीक्षण में हुआ खुलासा 

सिविल मेडिकल टीम को जांच के दौरान कुछ युवाओं के शरीर पर इंजेक्शन लगाए जाने के निशान मिले। गहराई से जांच करने पर अवैध रूप से इंजेक्शन व स्टेरॉयड लेने की पुष्टि हुई। ऐसे 115 युवाओं की जांच के दौरान पहचान की गई। उन्होंने बताया कि ऐसे युवा अपने स्वास्थ्य से तो खिलवाड़ कर रहे हैं, उन पर विधिक व कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। जिससे वे आगे किसी भी भर्ती के लिए प्रतिबंधित रहें।

सेना अधिकारी ने सेना भर्ती के लिए आ रहे युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा ऐसे अनधिकृत व अवैध तरीके न अपनायें, जिससे उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ कैरियर भी खत्म हो रहा है। बता दें कि इससे पूर्व 94 अभ्यर्थी फर्जी प्रमामपत्र के साथ पकड़े जा चुके हैं। ये अभ्यर्थी आगरा, हाथरस व फिरोजाबाद के थे।

No comments