Breaking News

बिना चिकित्सक की सलाह के दवा लेने से हो सकती है गंभीर बीमारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने दी चेतावनी

बिना चिकित्सक की सलाह के कोई भी दवा ले लेना खतरनाक साबित हो सकता है। क्योंकि दवा की डोज उम्र और बीमारी के मुताबिक तय की जाती है। बुखार और जोड़ों के दर्द होने पर राहत पाने के लिए पेन किलर के कुछ साइड इफेक्ट भी हैं।

बदलती जीवनशैली, महंगाई और इंटरनेट पर बढ़ती निर्भरता के कारण सेल्फ मेडिकेशन का चलन तेजी से बढ़ा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह के बिना केमिस्ट को बीमारी के लक्षण बताकर दवाई लेना गंभीर बीमारी को जन्म दे रहा है। क्योंकि दवा की डोज उम्र और बीमारी के मुताबिक तय की जाती है। यह कहना है कि राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के निदेशक बिग्रेडियर डा. राकेश गुप्ता का। उन्होंने बताया कि सूखी खांसी, छाती में जकड़न, गले में दर्द और खराश के साथ कफ निकलने पर कफ सिरप लिया जाता है, लेकिन कफ सिरप के कारण सुस्ती, घबराहट, याददाश्त में कमी जैसे साइड इफेक्ट देखने को मिलते हैं। कब्ज जैसी समस्या को दूर करने के लिए लैक्जेटिव का लंबे समय तक सेवन से पेट में दर्द, डिहाइड्रेशन किडनी में स्टोन और हार्ट की मसल्स में कमजोरी हो सकती है। वहीं बुखार और जोड़ों के दर्द होने पर राहत पाने के लिए पेन किलर के कुछ साइड इफेक्ट भी हैं। इसके लंबे समय तक सेवन से जी मिचलाना, गैस की समस्या, पेट दर्द, लिवर और किडनी को भी नुकसान पहुंचता हैं। चूंकि दवाओं पर नाम के साथ उसकी एमजी भी लिखी होती है। यह दवा की डोज होती है, उम्र और बीमारी के मुताबिक डोज डाक्टर तय करते हैं। छोटे बच्चे को हाइडोज देने से उसकी तबीयत बिगड़ सकती है। मसलन हल्के बुखार में हाइडोज दी तो घबराहट व बेचैनी ज्यादा होती है।

फायदा कम और नुकसान होता है ज्यादा

बाल चिकित्सा एवं स्नातकोत्तर शिक्षण संस्थान (चाइल्ड पीजीआइ) के निदेशक डा. अजय सिंह बताते हैं कि हमारे देश में जब तक स्वास्थ्य बहुत खराब न हो तब तक हमारी यही कोशिश रहती है कि केमिस्ट से खुद दवा ले आएं और ठीक हो जाएं। ऐसा करने के पीछे एक बड़ा कारण डाक्टर की महंगी फीस है। लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि सेल्फ मेडिकेशन से भले ही कुछ समय के लिए आराम मिल जाए, लेकिन इसके दीर्घकालिक प्रभाव को देखें तो इससे स्वास्थ्य को फायदा कम और नुकसान ज्यादा झेलना पड़ता है। सेल्फ मेडिकेशन के दो तरह के नुकसान होते हैं। सिर्फ लक्षण के आधार पर दवा लेना हानिकारक हो सकता है। इससे लक्षण तो दब जाते हैं लेकिन बीमारी खत्म नहीं होती। आगे जाकर बीमारी विकराल रूप ले लेती है। इससे इलाज मुश्किल हो जाता है। डाक्टर दवा के समय मरीज को यह बताता है कि इसे कितनी देर बाद खानी है। मसलन खाने के बाद दवा लेनी है खाली पेट। इससे साइड इफेक्ट नहीं होता। बिना डाक्टर की सलाह के दवा लेने से किडनी फेल हो सकती है। बच्चों को बिना डाक्टर की सलाह दवा खिलाना हानिकारक है।


No comments