मध्य प्रदेश: नाइट कर्फ्यू से लेकर सभी पाबंदियां खत्म
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कोरोना संक्रमण पर समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संक्रमण की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आज मध्यरात्रि से नाइट कर्फ्यू हटाने का फैसला लिया है।
सीएम शिवराज ने लोगों से मास्क पहनने और कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली, रंगपंचमी और अन्य आगामी त्योहारों में लापरवाही न बरतें, समस्त सावधानियों का पालन करें, स्वस्थ रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की परिस्थितियां पूरी तरह नियंत्रण में हैं। इस वजह से नाइट कर्फ्यू मंगलवार से समाप्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान आज निवास पर कोरोना की समीक्षा बैठक ले रहे थे।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री मनीष रस्तोगी, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सुदाम खाड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी सहित अन्य मंत्रीगण बैठक में वर्चुअली जुड़े।

No comments