जौनपुर में योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- लाल रंग का मतलब नहीं जानती भाजपा
समाजवादी विजय रथ लेकर जौनपुर पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में उनकी सरकार बनेगी।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समाजवादी विजय रथ लेकर मंगलवार को जौनपुर पहुंचे। अखिलेश ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा लाल रंग का मायने नहीं समझती। यह रंग भावनाओं का होता है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उनकी पार्टी जनता के साथ मिलकर भाजपा को प्रदेश और देश से हटा देगी। इसके साथ ही कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी 400 सीटें जीतेगी। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने चुनावी संकल्प को पूरा नहीं किया।
सरकार ने किसानों का अपमान किया
निर्धारित समय से पौने दो घंटे की देरी से आए अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे और महंगाई पर सरकार को घेरा। कहा कि कृषि कानूनों को मजबूरी में वापस लिया गया। सरकार ने किसानों का अपमान किया है। भाजपा सरकार ने किसानों की किसानी बर्बाद कर दी। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। उनकी आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई से आमदनी और कम हो गई हुई। अखिलेश ने कहा कि अगर कमाई नहीं होगी तो बचत कैसे होगी। इस महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़कर रख दी है लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है। समाजवादी विजय रथ यात्रा में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, राम अचल राजभर के साथ संजय चौहान और कृष्णा पटेल भी शामिल हुए।

No comments