Breaking News

मां अन्नपूर्णा की कैसे हुई घर वापसी, जानिए देवी की यात्रा की पूरी कहानी

18वीं शताब्दी वाली मां अन्नपूर्णा की मूर्ति 100 साल पहले चोरी हो गई थी। यह मूर्ति 1913 के करीब वाराणसी के एक मंदिर से चुरा ली गई थी और कनाडा की रेजिना यूनिवर्सिटी के मैकेंजी आर्ट गैलरी संग्रह का हिस्सा बन गई थी। यूनिवर्सिटी के कुलपति ने भूल सुधार करते हुए पिछले साल ओटावा में भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया को यह मूर्ति सौंपी।

पिछले साल नवंबर में मन की बात कार्यक्रम के 29वें एपिसोड में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की, कि लगभग एक सदी पहले भारत से चुराई गई देवी अन्नपूर्णा की एक प्राचीन मूर्ति को कनाडा से वापस लाया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा था ‘हर भारतीय को यह जानकर गर्व होगा कि मां अन्नपूर्णा की एक प्राचीन मूर्ति को कनाडा से भारत वापस लाया जा रहा है। यह मूर्ति वाराणसी (मोदी के लोकसभा क्षेत्र) के एक मंदिर से चुराई गई थी और लगभग 100 साल पहले 1913 के आसपास कहीं तस्करी करके देश से बाहर ले जाया गया था। उन्होंने कहा  “माता अन्नपूर्णा का काशी के साथ एक बहुत ही खास बंधन है और मूर्ति की वापसी हम सभी के लिए बहुत सुखद है। 

मां कब पहुंचेंगी काशी

पीएम की इस घोषणा के बाद से ही मां अन्नपूर्णा की मूर्ति की वापसी का इंतजार देशवासियों को होने लगा। अब यह इंतजार खत्म हुआ है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को देवी अन्नपूर्णा की मूर्ति एक कर्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपी। इस मूर्ति को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) कनाडा से वापस लाया है। एएसआई को 15 अक्टूबर को यह मूर्ति दिल्ली में हासिल हुई। यूपी सरकार ने देवी अन्नपूर्णा के स्वागत के लिए खास तैयारी की है। यूपी के 18 जिलों से गुजरते हुए 14 नवंबर को मां अन्नपूर्णा काशी पहुंचेंगी। हर जिले में यूपी सरकार के विधायक और मंत्रियों की प्रतिमा का स्वागत करने के लिए ड्यूटी लगाई गई है। 15 नवंबर को देवोत्थान एकादशी के मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में विश्वनाथ मंदिर के नए परिसर यानी निर्माणाधीन विश्वनाथ धाम में पूरे विधि विधान के साथ प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापित किया जाएगा। मान्यता है कि बाबा विश्वनाथ काशी समेत पूरी दुनिया का पेट भरने के लिए बाबा ने मां अन्नपूर्णा से ही भिक्षा मांगी थी। मां अन्नपूर्णा को भोजन की देवी माना जाता है। 

 



 

No comments