Breaking News

चंडीगढ़ में आज किसानों की कचहरी: 32 किसान संगठन राजनीतिक दलों से पूछेंगे सवाल, भाजपा को नहीं भेजा न्योता

कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर पंजाब की 32 किसान संगठन एक मंच पर आ गए हैं। सियासी दलों के खिलाफ किसान संगठन शुक्रवार को चंडीगढ़ में कचहरी लगाएंगे। इसमें राजनीतिक दलों के नेताओं से किसान नेता सवाल करेंगे। इस कचहरी में हर संगठन का एक किसान नेता शामिल होगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता कुलवंत संधु, रुलदू सिंह मानसा किसानों की कचहरी की घोषणा कर चुके हैं। हरियाणा के करनाल और पंजाब के मोगा में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ किसान नेता सियासी दलों से नाराज चल रहे हैं। किसान नेता घोषणा कर चुके हैं कि शिअद की ‘गल पंजाब दी’ मुहिम का राज्य भर में विरोध करेंगे, जिसके बाद शिअद ने 10 सितंबर तक मुहिम पर रोक लगा दी थी। 11 सितंबर से शिअद प्रधान इस मुहिम को शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं। हालांकि किसानों के रुख को देखते हुए अभी इस पर संशय बना हुआ है। अब संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पंजाब में आंदोलन को और अधिक जीवंत करने के लिए पंजाब के 32 किसान संगठनों ने किसान कचहरी का आयोजन कर दिया है।



No comments