Breaking News

गार्ड की हत्या: आधी रात को पोस्टमार्टम हाउस से सीधे रामघाट पर पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि

 गार्ड की हत्या: आधी रात को पोस्टमार्टम हाउस से सीधे रामघाट पर पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि

जौनपुर में सोमवार को लूट की नीयत से बदमाशों ने एटीएम कैश वैन के गार्ड को गोली मारी थी। पत्नी ने कहा, आर्थिक स्थिति कमजोर होने से पति के शव को घर नहीं ला सकी। एनकाउंटर में बदमाशों के मारे जाने पर बोलीं - पुलिस ने अच्छा किया।


उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में सोमवार और मंगलवार को गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजती रही। एक ओर सोमवार को लूट की नीयत से बदमाशों ने एटीएम के कैश वैन के गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तो वहीं जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश भी घायल हुए थे। इसी मामले में पुलिस ने 14 घंटे बाद गार्ड की हत्या के आरोपियों को मुठभेड़ में मार दिया। बदमाशों ने पुलिस पर भी फायरिंग की। गोली चलने से धनियामऊ बाजार और सिंगरामऊ क्षेत्र दहल गया। 

वहीं दूसरी ओर गार्ड की पत्नी का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इस वजह से पुलिस ने दवाब बनाया तो वह भी शव को घर न लाने पर राजी हो गईं। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बीरबलपुर निवासी गार्ड राम अवध चौबे की हत्या के बाद पुलिस ने उनका शव घर नहीं भेजा। पोस्टमार्टम हाउस से सीधे रामघाट ले जाकर अंतिम संस्कार करा दिया। गार्ड के 15 वर्षीय बेटे हरिओम ने पिता को मुखाग्नि दी। पोस्टमार्टम के बाद पत्नी पति के अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकी। 

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर

घटना के अनुसार, जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के धनियामऊ बाजार में सोमवार अपराह्न एजीएस कंपनी की कैश वैन इंडिया-वन एटीएम में पैसे डालने पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों ने गोली मारकर गार्ड राम अवध चौबे की हत्या कर दी थी। राम अवध चौबे की पत्नी रंजू देवी का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। आरोप है कि पुलिस ने घटनास्थल से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए पुलिस ने दबाव बनाकर सोमवार की मध्य रात्रि ही पोस्टमार्टम हाउस से सीधे रामघाट ले जाकर शव का अंतिम संस्कार कराया।






No comments