चंडीगढ़ में बेलगाम एंबुलेंस: जिस सड़क पर तय है 60 की गति, उस पर एंबुलेंस दौड़ती है 90 की गति से
एक तो मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत एंबुलेंस की गति सीमा निर्धारित नहीं की गई है। दूसरी वजह मानवीय पक्ष है। आमतौर पर माना जाता है कि एंबुलेंस है तो इसके अंदर कोई गंभीर मरीज होगा। रोका तो मरीज की जान जा सकती है।
मरीज की जान बचाने के चक्कर में एंबुलेंस चालक दूसरे लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं। चंडीगढ़ की जिन सड़कों पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है, वहां एंबुलेंस 90-100 किमी की गति से दौड़ती रहती हैं। न तो उन्हें रोकने वाला कोई है और न ही कभी यह जांच होती है कि एंबुलेंस चालक कितने अनुभवी हैं। इसी का नतीजा है कि सोमवार को पिकाडली चौक पर तेज गति से आ रही एंबुलेंस ने हरी बत्ती का इंतजार कर रहे छह वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक एक्टिवा चालक की मौत हो गई थी। एंबुलेंस इतनी बेलगाम क्यों हैं, इसकी दो बड़ी वजह है। एक तो मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत एंबुलेंस की गति सीमा निर्धारित नहीं की गई है। दूसरी वजह मानवीय पक्ष है। आमतौर पर माना जाता है कि एंबुलेंस है तो इसके अंदर कोई गंभीर मरीज होगा। रोका तो मरीज की जान जा सकती है। इन दोनों वजहों के कारण ट्रैफिक पुलिस कभी एंबुलेंस की जांच नहीं करती, लेकिन जिस तरह से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, उस हिसाब अब एंबुलेंस की गति और उसकी समय-समय पर जांच की मांग उठने लगी है।
आंकड़े के मुताबिक, साल 2019 में एंबुलेंस की वजह से पूरे देश में 6500 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 350 लोगों की मौत हुई थी। एंबुलेंस चालक कितनी खतरनाक गति से अपने वाहन को दौड़ाते हैं। ट्रैफिक पुलिस व एंबुलेंस से जुड़े से लोगों ने बताया कि शहर में रोजाना 300 से ज्यादा एंबुलेंस का आना-जाना होता है। ये एंबुलेंस हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से मरीज को लेकर आती-जाती हैं।

No comments