अपराध को समाप्त करने में प्रयागराज के लोग पुलिस का देंगे साथ, अपराधियों की करेंगे मुखबिरी;
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जनपद में अपराध पर काबू पाने के लिए पुलिस एक बार फिर लोगों के साथ बैठक करेगी। इससे जनता के साथ और बेहतर तालमेल बनेगा, साथ ही उनके बीच पुलिस का भरोसा बढ़ेगा। सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में संभ्रांत लोगों के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। अपराध को समाप्त करने के लिए और क्या-क्या किया जा सकता है, इस बारे में लोगों से सुझाव लिया जाएगा। छोटी से छोटी घटना की तत्काल सूचना देने की बात कही जाएगी।
गली-गली में होगी गश्त इधर कई दिनों से पुलिस दिन ढलने के बाद अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त करती है। हालांकि, अभी बाजारों और मुख्य सड़कों पर ही गश्त हो रही है। वहीं अब गली-गली में भी गश्त की जाएगी। लोगों से कहा जाएगा कि वे संदिग्धों के बारे में तत्काल सूचना दें। अगर कोई अपराधी उनके क्षेत्र में चोरी-छिपे रह रहा है तो इसकी भी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। बदमाशों के घर पर देंगे दस्तक शातिर बदमाशों की गतिविधियों को टटोलने के लिए उनके घरों पर भी प्रतिदिन दस्तक दी जाएगी। अगर बदमाश जेल में है तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर जमानत पर बाहर है तो पुलिसकर्मी प्रतिदिन उसके घर पर जाएंगे और वह क्या कर रहा है, इस बारे में पता लगाएंगे। यही नहीं, उससे अपराध का रास्ता छोड़कर सही रास्ते पर आने की भी बात कहेंगे। अपराधों पर लगेगा अंकुश पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ऐसे कदम उठाने से अपराधों पर अंकुश लगेगा। लोगों के भीतर पुलिस का विश्वास और बढ़ेगा। हर छोटी-छोटी घटनाओं की जानकारी मिलेगी, जिसे समय पर रोका जा सकता है। पुलिसकर्मियों को भी इसके लिए निर्देश दिया गया है। इसमें लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।

No comments