नए सिरे से गरमा रही पश्चिमी यूपी की राजनीति, भाजपा के जाट नेताओं के लिए परीक्षा की घड़ी
DESK : किसान आंदोलन के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति नए सिरे से गरमा रही है। लोकसभा चुनाव में रालोद सुप्रीमो चौ. अजित सिंह और उनके पुत्र जयंत चौधरी को इसी पश्चिमी क्षेत्र में हार का मुंह देखना पड़ा था। अब बदले माहौल ने भाजपा के माथे पर पसीना पसीना ला दिया है। पार्टी नए सिरे से रणनीति बना रही है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को मेरठ का जिला व महानगर प्रभारी बनाना भी इसी रणनीति का हिस्सा है। पंकज सिंह मेरठ में रहते हुए आसपास के जनपदों को भी साधेंगे। उनके पिता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पश्चिम की किसान राजनीति में गहरी पैठ रही है। भाकियू नेता राकेश और नरेश टिकैत भी उनके करीबी हैं।पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए राजनीतिक तौर पर उर्वर रहा है। 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर का राजनीतिक संदेश यहीं से गया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी यहीं से शुरूआत हुई और केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनी।
लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 दोनों में भाजपा ने रालोद को शिकस्त दी। बागपत रालोद की राजनीति का केंद्र रहा है। भाकियू और किसानों ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर नया समीकरण बनाया था।

No comments