यूपी में 16 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि, संख्या बढ़कर हुई 299
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलता ही जा रहा है। सोमवार को 16 और लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 299 हो गई है। हालांकि एसजीपीजीआई में भर्ती बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर ने कोरोना को मात दे दी है। सोमवार को उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
लखनऊ: महिला डॉक्टर का ढाई साल का मासूम निकला कोरोना पॉजिटिव
राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक खबर ने सभी को चिंता में डाल दिया। कनाडा से आने वाली एक महिला डॉक्टर के ढाई साल के मासूम बच्चे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।इसके बाद उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के लिए रेफर किया गया है। इससे पहले लखनऊ के सिविल अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए महिला डॉक्टर के सास-ससुर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। आपको बता दें कि कनाडा के टोरंटो शहर निवासी महिला डॉक्टर पति के साथ आठ मार्च को गोमतीनगर में रिश्तेदारों से मिलने आई थीं। कोरोना की पुष्टि के बाद उन्हें केजीएमयू में भर्ती किया गया था।
आज 16 पॉजिटिव केस सामने आए
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (लखनऊ) प्रशासन ने सोमवार को एक बयान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि रविवार को जांच किए गए सैंपल में से 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से पांच लोग लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि आठ को सीतापुर के खैराबाद में रखा गया है। वहीं दो आगरा के एसएनएमसी अस्पताल में भर्ती हैं। एक व्यक्ति को कहां रखा गया है इस बात की जानकारी नहीं मिली है।

No comments